बालगीत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बालगीत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 13 अप्रैल 2019

कुटकुट और पाप्पा

पाप्पा बोले कुटकुट से
"बेटू ! इधर आओ !"
कुटकुट बोली पाप्पा से
"अम नई आते जाओ !"
पाप्पा बोले कुटकुट से
"बेटू ! पढ़ने बैठो।"
कुटकुट बोली पाप्पा से
"पैले तौफ़ी लाओ।"
पाप्पा बोले कुटकुट से
"फिर शुरू शैतानी ?"
कुटकुट बोली पाप्पा से
"मुजको तौफ़ी खानी।"
आख़िर हार के पाप्पा जी ने
कुटकुट को दी टॉफ़ी
तब जाकर कुटकुट जी ने
खोली अपनी कॉपी।
[ कुटकुट ]
-बाबुषा 

शुक्रवार, 5 अप्रैल 2019

"""आओ बच्चों चलें स्कूल"""
आओ बच्चों चलें स्कूल
तुम नन्हे नन्हे प्यारे फूल
आओ बच्चों चलें स्कूल 
स्कूल में मिल सब खेलेंगे
छुक छुक रेल के रेले में
चटखारे हम ले लेंगे
कैथा इमली हो थैले में
सीखेंगे हम ज्ञान यहाँ पे
तकनिकी विज्ञान यहाँ पे
A, B, C, D आना है
अ, आ, इ, ई गाना है
1, 2, 3 सुनाना है
जोड़ना और घटाना है
हमको पढ़ लिख जाना है
एक अच्छा राष्ट्र बनाना है
क्यों उदास बैठे हो घर में
आओ हो लो साथ डगर में
आओ बच्चों चलें स्कूल
तुम नन्हे नन्हे प्यारे फूल
आओ बच्चों चलें स्कूल

संस्कृति और संस्कार है जाना
योगा, और अभ्यास सिखाना
देखो भैय्या भूल ना जाना
सरकारी स्कूल में आना
सबको है अब नाम लिखाना
सबको है शिक्षित हो जाना
तुम सब भारत के वासी हो
यह स्कूल तुम्हारे हैँ
हम सब सेवक भारत माँ के
यह बच्चे हमको प्यारे हैँ
मत पैसा बर्बाद करो तुम
इन पूंजीपतियों के बंधे में
मत झोको भविष्य बच्चों का
शिक्षा के गोरख धंधे में.
आओ बच्चों चलें स्कूल
तुम नन्हे नन्हे प्यारे फूल
आओ बच्चों चलें स्कूल

तुम चंदा जैसे चमकोगे
सूरज सा तुम दमकोगे
रामु, श्यामू, मोहन प्यारे
आओ हो लो साथ हमारे
गीता, रीता, छोटी, रानी
तुम भी बन जाओ अब ज्ञानी
मुफ्त में शिक्षा, मुफ्त में ज्ञान
हर अभिभावक का सम्मान
प्रोजेक्टर से होए पढ़ाई
मिले पुष्ट भोजन भी भाई
दूध, फल और MDM खाओ
पहले अपनी सेहत बनाओ
स्वस्थ शरीर में स्वस्थ है मन
खुश है देखो सब जन जन
ड्रेस मिलेगी यहाँ फ्री
स्वेटर , जूता मोजा भी
बस्ता भी हम देंगे तुमको
किताबें भी मुफ्त मिलीं
खेलने का सामान बहुत है
गुरूजी भी तो बड़े मस्त है
खेल खेल में सिखलाते हैँ
क्रियाएं खूब कराते हैँ
स्कूल तुम्हारे बहुत हैँ सुन्दर
भाग के आओ इसके अंदर
नया सत्र हम शुरू करें
शिक्षा का संकल्प है लें

आओ बच्चों चलें स्कूल
तुम नन्हे नन्हे प्यारे फूल
आओ बच्चों चलें स्कूल

- © ज़ैतून ज़िया

गुरुवार, 14 मार्च 2019

चंदा मामा

चंदा  मामा आसमान  में  रोज़ चले  तुम आते हो
अपनी इन मुद्राओं से तुम मेरा  जी  ललचाते  हो।
कभी हो आधे, कभी हो पूरे ,कभी तीर बन जाते  हो
कैसे करते हो तुम ये करतब ,यूं आकार बदलने  का।
कहां  से सीखा है  ये जादू , तुमने करतब करने का
मै  तो वैसा ही  रहता हूं , दिन  रात और सांझ सवेरे।
मुझको भी वैसा बनना है , जैसे रूप है तुमने घेरे 
ये जादू आसमान में चलता, तो सूरज क्यूँ गोल ही रहता।
कया तुम सूरज से ज्ञानी हो , जो इतना सब कर लेते हो
वो देता दिन को उजियारा , तुम रैन उजेरी कर देते हो ।।

-जैतून ज़िया

शुक्रवार, 14 अगस्त 2015

नानी गयी लन्दन (बालगीत)

(बच्चो, आज प्रस्तुत है ये बालगीत. इसे मैंने पृथ्वी परिहार जी के फेसबुक स्टेटस से उठाया है. उनके अनुसार इसके गीतकार अज्ञात हैं. लेकिन पृथ्वी जी का आभार कि उन्होंने इस गीत को हमसे साझा किया)

दस पत्ते तोड़े
एक पत्ता कच्चा
हिरण का बच्चा
हिरण गया पानी में
पकड़ा उसको नानी ने

नानी गई लंदन
लंदन से लाई कंगन
कंगन गया टूट
नानी गई रूठ
नानी को मनाएंगे
रसमलाई खाएंगे
रसमलाई अच्छी
हमने खाई मच्छी
मच्छी में कांटा
तेरे मारा चांटा
चांटा लगा जोर से
हमने खाए समोसे
समोसे बड़े अच्छे
मामा जी नमस्ते!

शुक्रवार, 17 अप्रैल 2015

"गुल्लू"- (बालगीत)

बच्चों, आज 'कलीम अव्वल' जी का लिखा बालगीत प्रस्तुत है. इस गीत से परिचय हमारे मित्र श्री प्रकाश गोविन्द जी ने कराया. आशा है कि आपको पसंद आएगा.

गुल्लू बाबू 'एयर गन' ले /करने चले शिकार
साथ गाँव भर के थे बच्चे /करते हाहाकार
***
गुल्लू बाबू लगे सुनाने /कैसे मारा शेर
कैसे मारा चीता हमने/हाथी से मुठभेड़
***
"इक दिन मिला भयंकर भालू /छेंक लिया पथ सारा
ऐसा मारा झापड़ उसको /उलट गया बेचारा
***
और बताएं गैंडा इक दिन /मेरे पीछे दौड़ा
एक उठाया ढेला हमने /माथा उसका फोड़ा
***
अरना भैंसा मिला एक दिन /लगा फुलाने नथुने
ऐसी डांट पिलाई उसको /थर-थर लगा कांपने
***
अजगर की फिर पूंछ पकड़ कर /घर तक उसे घसीटा
बाघों को तो बांध-बांध कर /जब जी चाहा पीटा "
***
तभी पांव पर इक चूहे ने /लम्बी कूद लगाई
तब से हैं बेहोश अभी तक/अपने गुल्लू भाई

गुरुवार, 16 अप्रैल 2015

एगो रहलन राजा

बचपन के कई क़िस्से बड़े होने पर समझ में आते हैं। तो एक गीत जैसा क़िस्सा यहाँ पर अपनी पहली पोस्ट के रूप में -
(भोजपुरी) में है -

एगो रहलन राज
बोवलन खाजा।
तब जामल।
गइनी सन काटे।

मीर कटलन मीर बोझा
दादा कटलन तीन बोझा
आ हम दू तीन गो बतिया।

गइनी स बेचे ।

मीर बेचलन मीर बोझा
दादा बेचलन तीन बोझा
आ हम देखते रह गइनी

मीर के मिलल मीर पईसा
दादा के मिलल तीन पईसा
आ हमरा एगो अधेला

गइनी स खाए।

मीर खइलन मीर रोटी
दादा खइलन तीन रोटी
आ हम एगो टुकड़ा।


फेर गइनी स खेत में
तब ले खेतवाह आ गइल

मीर के मरलस मीर लाठी
दादा के मरलस तीन लाठी
आ हमरा के उठा के पटक देलस।

मीर लगलन रोए
दादा लगलन टोए
आ हम दाँत चियार देनी।


( जो लोग भोजपुरी नहीं समझ सकते वो लोग You Tube पर जा के ek rahen meer ek rahen beer टाइप करें। अमिताभ का एक अल्बम आया था अवधी भाषा में)

सोमवार, 13 अप्रैल 2015

चुन चुन करती आयी चिड़िया


बच्चों, आज आपके लिए एक प्यारा सा गीत. हमलोग इस गीत को बचपन में खूब गुनगुनाते थे.





चुन चुन करती आई चिड़िया
दाल का दाना लाई चिड़िया
मोर भी आया, कौवा भी आया
चूहा भी आया, बन्दर भी आया
चुन चुन करती..
भूख लगे तो चिड़िया रानी
मूँग की दाल पकाएगी
कौवा रोटी लाएगा
लाके उसे खिलाएगा
मोर भी आया…
चलते चलते मिलेगा भालू
हम बोलेंगे नाचो कालू
मुन्ना ढोल बजाएगा
भालू नाच दिखाएगा
मोर भी आया…

साथ हमारे चले बराती
मैं तो हूँ मुन्ने का हाथी
सीधे दिल्ली जाऊँगा
तेरी दुल्हनिया लाऊँगा
मोर भी आया…

Movie/Album: अब दिल्ली दूर नहीं (1957)
Music By: दत्ताराम
Lyrics By: शैलेन्द्र
Performed By: मो.रफ़ी

गुरुवार, 9 अप्रैल 2015

एक चिड़िया अनेक चिड़िया

बच्चों, आज मैं तुम्हें एक ऐसी एनिमेटेड फिल्म के बारे में बताने जा रही हूँ, जिसे देखकर तुम्हारे मम्मी-पापा बड़े हुए हैं. इस एनिमेटेड फिल्म का नाम है "एक अनेक एकता" लेकिन हम इसे "एक चिड़िया अनेक चिड़िया" के नाम से जानते हैं.
इस फिल्म को भारत सरकार की फिल्म्स डिवीज़न ने बनाया था. 1974 में इसे दूरदर्शन पर रिलीज़ किया गया. इसकी निर्देशक विजया मुले और निर्माता भीमसेन खुराना हैं. इसे बच्चों और बड़ों ने खूब पसंद किया. ये फिल्म मज़ेदार तो है ही शिक्षाप्रद भी है. आप इसके बारे में विकीपीडिया पर और जानकारी पा सकते हैं. अभी बस ये फिल्म देखिये.




हिंद देश ... mmm mmm... हम सभी .... एक हैं ... तारा रा रा रा
भाषा अनेक हैं ... mmmm mmmm... भाषा अनेक हैं ....

यह अनेक क्या है दीदी ?
अनेक यानी बहुत सारे
बहुत सारे? क्या बहुत सारे ?
अच्छा, बताती हूँ

सूरज एक ...
चंदा एक .....
तारे अनेक ....

तारों को अनेक भी कहते हैं ?
नहीं नहीं !
देखो फिर से
सूरज एक , चंदा एक , एक एक एक करके तारे बने अनेक
ठीक से समझाओ ना दीदी

देखो देखो एक गिलहरी
पीछे पीछे अनेक गिलहरियाँ
एक तितली , ..... एक और तितली ......
एक एक एक करके हो गयी अब, अनेक तितलियाँ

समझ गया दीदी
एक उँगली , अनेक उंगलियाँ
हाँ!
दीदी दीदी वो देखो अनेक चिड़ियाँ ...

अनेक चिड़ियों की कहानी सुनोगे ....
हाँ हाँ
आ.. आ.. आ...
एक चिड़िया , एक एक करके अनेक चिड़ियाँ ..
दाना चुगने आयी चिड़ियाँ ...

सभी : दीदी हमें भी सुनाओ ना
तो सुनो फिर से ...
एक चिड़िया , अनेक चिड़ियाँ
दाना चुगने बैठ गयी थीं ...

हाय राम , पर वहाँ ब्याध ने एक जाल बिछाया था ...
ब्याध , ब्याध कौन दीदी ?
ब्याध ... चिड़िया पकड़ने वाला

फिर क्या हुआ दीदी , ब्याध ने उन्हें पकड़ लिया , मार डाला ?
हिम्मत से गर जुटे रहे तो
छोटे हो पर , मिले रहे तो
बड़ा काम भी होवे भैया ..
बड़ा काम भी होवे भैया ..

एक ..दो ..तीन ..
चतुर चिड़ियाँ... , सयानी चिड़ियाँ...
मिलजुल कर , जाल ले कर , भागी चिड़ियाँ
फुर्र.. ररर ...

दूर , एक गाँव के पास , चिड़ियों के दोस्त , चूहे रहते थे
और उन्होंने , चिड़ियों का जाल काट दिया
तो देखा तुमने , अनेक जब एक हो जाते हैं तो कैसा मज़ा आता है
दीदी मैं बताऊँ ...

हो गए एक ...
बन गयी ताकत ..
बन गयी हिम्मत ...

दीदी अगर हम एक हो जाएँ तो बड़ा काम कर सकते हैं ?
हाँ हाँ , क्यों नहीं
तो इस पेड़ के आम भी तोड़ सकते हैं ?
हाँ , तोड़ सकते हैं , पर जुगत लगनी होगी ...

अच्छा , जुगत , वाह ... बड़ा मज़ा आयेगा ..
हिंद देश के निवासी सभी जन एक हैं , -2
रंग-रूप वेश-भाषा चाहे अनेक है -2
एक-अनेक ... एक-अनेक ...

सूरज एक , चंदा एक , तारे अनेक ,
एक तितली , अनेक तितलियाँ
एक गिलहरी , अनेक गिलहरियाँ
एक चिड़िया , एक एक ... अनेक चिड़ियाँ


बेला गुलाब जूही चंपा चमेली ..... -2
फूल हैं अनेक किन्तु माला फिर एक
है ...-2 

शनिवार, 4 अप्रैल 2015

नानी, कहानी सुनाओ... नहीं नहीं, नानी, कहानी सुनो....

प्यारे बच्चों, हम सब लोगों को हमारी नानी बहुत प्यारी होती है. होती है ना... मम्मी से कोई बात मनवानी हो तो उसका सबसे आसान तरीका पहले नानी को पटाना ही होता है... नानी मान गयी तो बस, मामला फिट...
अब नानी की बात हो और कहानी की बात ना हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता. वो राजा-रानी, परियां, चाँद पर की बुढ़िया, कुबड़ा जादूगर... कई तरह की हजारों हजार कहानियों का पुलिंदा होता है नानी के पास. पर क्या कभी ऐसा भी होता है कि बजाए नानी के कहानी सुनाने के, बच्चे नानी को कहानी सुनाते हैं? है ना अजीब बात... पर ऐसा भी होता है... अब चॉकलेट या आइसक्रीम के लिए नानी से पैसे लेने हों तो कम से कम एक कहानी तो सुनानी ही पड़ेगी ना नानी को... चलो तो तुम भी ऐसी एक कहानी पढो और सुनो... पहले नया एनिमेटेड विडियो और साथ में ओरिजिनल ब्लैक-एंड-वाइट विडियो भी... ध्यान रखना, ओरिजिनल विडियो हालांकि 65 साल पुराना है, पर तुम अब भी इसके स्टेप्स प्रैक्टिस कर के अपनी नानी को खुश कर सकते हो....

नानी तेरी मोरनी को मोर ले गए,
बाकी जो बचा था काले चोर ले गए.

खा के पी के मोटे हो कर चोर बैठे रेल में,
चोरों वाला डब्बा कट कर पहुँचा सीधा जेल में,

नानी तेरी मोरनी को मोर ले गए,
बाकी जो बचा था काले चोर ले गए.

उन चोरों की खूब खबर ली मोटे थानेदार ने,
मोरों को भी खूब नचाया जंगल की सरकार ने.

नानी तेरी मोरनी को मोर ले गए,
बाकी जो बचा था काले चोर ले गए.

अच्छी नानी प्यारी नानी, रूस-रूसी छोड़ दे,
जल्दी से एक पईसा दे दे तू कंजूसी छोड़ दे.

नानी तेरी मोरनी को मोर ले गए,
बाकी जो बचा था काले चोर ले गए.
  






सोमवार, 30 मार्च 2015

ये नाम क्यों?

ब्लॉग का नाम सोचते समय बस ऐसे ही बचपन में सुना "ईचक दाना बीचक दाना" गीत याद आ गया और सोचा कि क्यों न इस ब्लॉग का नाम यही रख दिया जाय? बच्चों, हो सकता है कि तुमने राज कपूर का नाम अपने मम्मी-पापा के मुँह से सुना हो. वो एक बहुत बड़े फिल्म मेकर थे. उन्होंने बहुत सी फ़िल्में बनाईं. "श्री 420" भी उन्हीं की फिल्म है. उसी फिल्म का गाना है "ईचक दाना बीचक दाना." इसे लता मंगेशकर जी और मुकेश जी ने मिलकर गया है. बड़ा मज़ेदार गीत है. आपको उस गाने के ओरिजिनल वीडियो के साथ-साथ एनिमेटेड वीडियो भी दिखा रही हूँ. यह वीडियो सारेगामा कम्पनी के YOUTUBE के चैनल पर उपलब्ध है.